आंध्र प्रदेश में बड़ा नाव हादसा, दर्जनों मौतों की आशंका, 62 लोग थे सवार

0
557

आंध्र प्रदेश में भीषण नाव हादसे से हाहाकार मच गया है। इस दुर्घटना में 30 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है। इसपर चालक दल के सदस्यों सहित 62 लोग सवार थे। इसमें से 24 लोगों को बचा लिया गया है। लेकिन 30 से ज्यादा लोग अभी तक लापता है। अभी तक 5 शव बरामद किए गए हैं।

रॉयल वशिष्ठ नाम की इस नाव पर सवार ज्यादातर लोग पर्यटक थे। जो राजामुंदरी के पास प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पापीकोंडलु जा रहे थे। राहत एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि घटनास्थल पर पर दो आपदा प्रबंधन की टीमें भेजी गई हैं, हर टीम में 30 सदस्य हैं।
नेवी की भी मदद ली जा रही है।

गोदावरी नदी कुछ दिनों से उफान पर है। जब यह हादसा हुआ तब नदी में बाढ़ आई हुई थी। आंध्र प्रदेश टूरिज्म डवलपमेंट कॉर्पोरेशन की तरफ से संचालित यह नाव देवीपट्टनम के पास गांधी पोचम्मा मंदिर से एक प्रमुख पर्यटन स्थल पापीकोंडालु के लिए चली थी।

राज्य के मुख्य सचिव एल वी सुब्रह्मण्यम ने इस दुर्घटना के बारे में पूर्वी गोदावरी के जिला कलेक्टर मुरलीधर रेड्डी से बात करके जानकारी ली है। साथ ही मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि नाव दुर्घटना के शिकार लोगों का पता लगाने के लिए एक हेलिकॉप्टर की सेवा ली जाए।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया है कि वे राहत कार्यों की निगरानी करें। आंध्र प्रदेश टूरिज्म डिपार्टमेंट के दो नाव को मौके पर भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने गोदावरी नदी में चल रहे सभी नावों के लाइसेंस कैंसिल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नदी चल रही सभी नावों की गहन जांच कराएं।